मेरी खामोशी को लोग समझ नहीं पाते…’

मनोज वाजपेयी की गिनती आज बॉलीवुड के उन कुछ चुनिंदा अभिनेताओं में होती है, जो अपने किरदार को पर्दे पर जीवंत करने में माहिर हैं। इस दौर के अभिनेताओं की बात करें तो उनकी एक्टिंग स्टाइल सबसे जुदा और खास है। इन दिनों वह फिल्म ‘अलीगढ़’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की कहानी एक गे प्रोफेसर के जीवन और उसके संघर्ष पर आधारित है। फिल्म अपने कंटेट को लेकर काफी विवादों में भी रही है। लेकिन रिलीज के बाद फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
 आंखों में तनहाई ला पाना सबसे मुश्किल
मनोज अपने इस किरदार के बारे में बात करते हुए कहते हैं, मैंने जब पहली बार फिल्म की कहानी सुनी थी तो मैं कुछ पल के लिए सोच में पड़ गया था। मेरे लिए मुश्किल ये नहीं था कि मैं एक गे व्यक्ति का किरदार कैसे निभाऊंगा या उसका व्यक्तित्व कैसा होगा। मेरे लिए चिंता का विषय प्रोफेसर सिरस की तन्हाई, उनका अकेलापन था। कहानी सुनने के बाद में बस यही सोच रहा था कि मैं अपनी आंखों में वो तन्हाई किसी तरह ला पाया तो ही इस फिल्म और कहानी के साथ न्याय कर सकूंगा। फिल्म में प्रोफेसर सिरस के किरदार में रमने को लेकर अपनी तैयारियों के बारे में बताते हुए मनोज बताते हैं कि किस तरह से उन्होंने खुद इस किरदार के लिए तैयार किया। मनोज बताते हैं कि प्रोफेसर के व्यक्तित्व को समझने के लिए मैंने कुछ दिनों तक वर्कशॉप किया। प्रोफेसर से जुड़े लोगों से मुलाकात की और उनके कैरेक्टर को समझने की कोशिश की।
aligarh-2
बचपन से ही शांत स्वभाव का हूं
मनोज बेहद शांत और कम बात करने वाले व्यक्ति हैं। उनका मानना है कि कई दफा उनका ये नेचर कई गलतफहमियों को भी जन्म दे देता है। मनोज कहते हैं, ‘मैं बचपन से ही काफी शांत हूं। ज्यादा बातें नहीं करता तो अक्सर लोगों को लगता है कि मैं शायद अभिमानी व्यक्ति हूं। लेकिन ये मेरा नेचर है और मैं इसे बदल नहीं सकता। आपको एक मजेदार बात बताऊं गैंग्स ऑफ वासेपुर और अलीगढ़ मेरे ही दोस्तों ने बनाई है। लेकिन उन्होंने मुझे इस फिल्म के लिए कास्ट नहीं किया। ये फिल्में मुझे कास्टिंग डायरेक्टर के जरिए मिली थीं। इसमें मैं कहीं न कहीं अपनी भी कमी मानता हूं।’
 कभी सोचा नहीं था इतना मिलेगा
फिल्म इंडस्ट्री में एक चलन है कि यहां चरित्र अभिनेताओं को उतनी शोहरत नहीं मिलती जितनी कि बाकी अभिनेताओं को मिलती है। लेकिन मनोज इसे नकारात्मकता से नहीं देखते। शायद यही बात है, जो उन्हें बाकी अभिनेताओं से अलग करता है। इस बारे में बात करते हुए मनोज कहते हैं, ‘मैं कभी नहीं सोचता कि मुझे इंडस्ट्री ने क्या दिया है या क्या नहीं दिया। मैं जब मुंबई में स्ट्रगल कर रहा था, तब मैंने कभी ये सोचा भी नहीं था कि मुझे इतना मिलेगा।
उस दौर में तो मैं सिर्फ काम करना चाहता था, बल्कि मैं तो इस फिल्म जगत को शुक्रिया कहना चाहता हूं कि मुझे इतना सब दिया। असल में इसके पीछे एक और कारण था कि जब मैं मुंबई आया था तो मैं स्टार बनने नहीं आया था। मैं अपने अभिनय में काफी कुछ कर रहा था, लेकिन उसके पैसे नहीं नहीं मिलते थे। मैं चाहता था कि मुझे मेरे काम के लिए पैसे मिल जाएं और लोगों को मेरा काम पसंद आए। मैं खुश हूं कि ऐसा हुआ भी।’
 राम गोपाल वर्मा ने दिया जज्बा
मनोज जब दिल्ली से मुंबई पहुंचे थे तो वो काम की तलाश में थे। 1993 में आई शेखर कपूर की फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ में काम कर चुके मनोज काम की तलाश में दर-दर भटक रहे थे। तब 1998 में फिल्मकार राम गोपाल वर्मा को मनोज मिले और फिल्म ‘सत्या’ में उन्हे कास्ट किया। अपने इस दौर को याद करते हुए मनोज बताते हैं, ‘उस वक्त मैं काम की तलाश में था। इस फिल्म से पहले भी थोड़ा बहुत काम मिल रहा था। लेकिन जिसकी तलाश में मैं था, वह मुझे नहीं मिल पा रहा था। तब मेरी मुलाकात राम गोपाल वर्मा से हुई। जब से उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा, उसके बाद आज तक मुझे पीछे मुड़कर देखना नहीं पड़ा। मेरे करिअर और जीवन में उनका योगदान हमेशा खास रहेगा।’

शहरों से डर लगता है
सब जानते हैं कि मनोज बिहार एक छोटे से गांव से वास्ता रखते हैं। उनका बचपन वहीं बीता है और पढ़ाई भी। अक्सर ऐसा होता है कि लोग गांव से शहर में आकर शहरी जीवनशैली में रम जाते हैं। लेकिन मनोज उन कुछ चुनिंदा लोगों में से हैं, जो अपने अंदर बसे गांव से आज तक बाहर नहीं आ सके हैं। मनोज बताते हैं, ‘मुझे शहर की भागदौड़ काफी तकलीफ देती है। मैं खुद को कहीं खोया हुआ सा महसूस करता हूं। कहते हैं न कि आप एक गांव से व्यक्ति को शहर में ला सकते हैं, लेकिन एक व्यक्ति के दिल से उसके गांव को नहीं निकाल सकते। शायद, मेरे साथ भी ऐसा ही है, मैं आज भी गांव को काफी मिस करता हूं। वैसे शहर में मुझे मुंबई से ज्यादा दिल्ली रास आती है। यहां एक अपनापन सा महसूस होता है।’
किरदारों को लेकर बहुत सेंसिटिव हूं
मनोज वाजपेयी एक ऐसे अभिनेता हैं, जो सिर्फ किरदार को निभाते ही नहीं, बल्कि उसे जीते भी हैं। मनोज बताते हैं, ‘मैं कई बार अपने किरदारों में इतना ज्यादा घुस जाता हूं कि मुझे उससे बाहर आने में समय लगता है। कभी-कभी मैं अपने इस नेचर से काफी डर भी जाता हूं, क्योंकि किरदारों का असर मेरे निजी जीवन में दिखने लगता है। फिल्म ‘शूल’ का किरदार एक ऐसा ही किरदार था, जिससे बाहर निकलने में मुझे सबसे ज्यादा समय लगा था। उसके बाद ‘अलीगढ़’ का किरदार मेरे दिल के काफी करीब है। आपको सुनकर थोड़ा अजीब लगे, लेकिन कई दफा मैं अपने किरदारों को लेकर इतना ज्यादा सेंसटिव हो जाता हूं कि मुझे नींद ही नहीं आती। तब मुझे नींद को लाने के लिए शराब का सहारा लेना पड़ता है।’

Comments

Popular posts from this blog

इन चीजों से पहचानिए औरत का चरित्र...

भारत माता की जय से पहले उसे जान तो लो

... और दूसरों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले खुद बन कर रह गए खबर